कांड्रा/ Bipin Varshney विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बुधवार को ओसीएल आयरन एंड स्टील लिमिटेड कम्पनी के सौजन्य से आज़ाद क्लब रायपुर द्वारा दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर फुटबॉल मैदान में किया गया. प्रतियोगिता का शुभारंभ झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने किया. पहले दिन शाम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं.

दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में पहले दिन विभिन्न क्षेत्रों की 48 टीमों ने भाग लिया. पहले दिन विजेता रही एसडीसी कुनाबुरु की टीम, जबकि उपविजेता रही बीटीएमसी बुरुडीह की टीम. तीसरे स्थान पर रही एसी पिंड्रा बेड़ा की टीम. खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया.

सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कोल्हान की धरती खिलाड़ियों के लिए उपजाऊ रही है. खेल में अवसर प्रदान करने की सरकार की नीति भी खिलाड़ियों के लिए सराहनीय है. युवा खेल भावना और प्रतिभा के बूते क्षेत्र का नाम रोशन करें.
सांसद ने कहा कि आज़ाद क्लब रायपुर द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट ग्रामीण खिलाड़ियों को मंच प्रदान करता है, जिससे वे अपने खेल को निखारकर आगे बढ़ते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय कर उनका हौसला बढ़ाया.
मालूम हो कि आजाद क्लब 1975 से फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन करता आ रहा है. इस वर्ष भी दूर- दूर के ग्रामीण क्षेत्रों से फुटबॉल टीमें भाग ले रही हैं. आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है.
प्रतियोगिता का आयोजन आज़ाद क्लब रायपुर द्वारा किया गया. इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कालीपद सोरेन, संतोष माझी, कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, राम महतो और लालबाबू महतो उपस्थित रहे.
क्लब की ओर से संस्थापक अध्यक्ष फागुराम टुडू, संस्थापक सचिव मकरा माझी, संस्थापक कोषाध्यक्ष सोमरा टुडू, अध्यक्ष राजा टुडू, सचिव भादो टुडू, उपाध्यक्ष भीम टुडू और कोषाध्यक्ष सालोराम टुडू अपने सदस्यों के साथ मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन संतोष टुडू और सचिंद्र माझी ने किया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
