जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना झील में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ. जानकारी के अनुसार, 9 युवक झील में घूमने आए थे, जो सभी कारपेंटर का काम करते हैं. इनमें से 6 युवक नहाने के लिए झील में उतरे थे. गिरिडीह जिले के रहने वाले 21 से 22 वर्षीय कृष्णा राणा सबसे आख़िर में पानी में गया था. कुछ समय बाद अचानक वह डूबने लगा.


उसके साथ आए दोस्तों ने उसकी मदद करने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे उसे बचा नहीं पाए और सभी बाहर आ गए. मौके पर मौजूद लोगों और अन्य युवकों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी, लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने के कारण राहत और बचाव कार्य की बजाय औपचारिक पूछताछ चलती रही.
काफी देर बाद मछुआरे घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने कृष्णा राणा को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. कृष्णा राणा की मौके पर ही मौत हो गई.
यह कोई पहली घटना नहीं है जब डिमना झील में ऐसा हादसा हुआ हो. पिछले कुछ सालों में कई बार डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. न तो झील के किनारे लाइफगार्ड की व्यवस्था की गई है, न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं.
स्थानीय लोग भी बार-बार प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद किसी ने ध्यान नहीं दिया. इस हादसे ने प्रशासन की लापरवाही और जिम्मेदारी से मुँह मोड़ने पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
