सरायकेला/ Pramod Singh टाऊन हॉल में बुधवार को आदिवासी सांवता सुशार अखाड़ा की महिला समिति द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन मनाया गया. कार्यक्रम में हजारों आदिवासी महिलाएं और बच्चे शामिल हुए. वहां उपस्थित बच्चियों ने केक काट कर अपनी खुशियां जाहिर की.



कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चम्पाई सोरेन ने पीएम मोदी द्वारा आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों को गिनाते हुए उन्हें आदिवासी समाज का सबसे बड़ा हितैषी बताया. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में जनजातीय मामलों के मंत्रालय के लिए बजट आवंटन तीन गुणा बढ़ा है. यह धनराशि आदिवासियों के शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में इस्तेमाल की जा रही है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड में अब 92 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत हो चुके हैं जिनमें 51 में पढ़ाई शुरू हो गई है. जनजातीय कार्य मंत्रालय ने वन उपजों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य और विपणन सहायता सुनिश्चित की है जिससे लाखों आदिवासी परिवारों को लाभ मिल रहा है.
उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के तहत 24,104 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है. इस योजना का उद्देश्य आदिवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना है. इसके तहत मकान निर्माण, पाइप जलापूर्ति, आंगनवाड़ी केंद्र, हॉस्टल और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
चम्पाई सोरेन ने बताया कि अनुसूचित जनजातियों के लिए विकास कार्य योजना का बजट 2013- 14 के 24,598 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024- 25 में 1.23 लाख करोड़ रुपये हो गया है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत आदिवासियों के सम्मान और सशक्तिकरण की पहचान बन चुका है.
कार्यक्रम के अंत में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा समेत अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में उपस्थित जनसमूह के बीच लड्डू बांट कर जश्न मनाया गया.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
