जामताड़ा: साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर बथानटार के पलाश जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1 लाख 11 हजार रुपए नकद, नौ मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, एक बाइक सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं.

डीएसपी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में रोहित मंडल, खगेन दा, कैलाश मंडल और चंद्र मोहन मंडल शामिल हैं. इनमें से कैलाश मंडल और खगेन दा हिस्ट्रीशीटर साइबर अपराधी हैं, जो पूर्व में भी जेल जा चुके हैं.

डीएसपी ने बताया कि ये आरोपी अपने आप को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और एटीएम या डेबिट कार्ड बंद होने की बात कहकर झांसे में लेते थे. इसके बाद मोबाइल को हैक कर अकाउंट से पैसे उड़ा लेते थे. ये गिरोह मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लोगों को निशाना बनाता था.

