जमशेदपुर/ Afroz Mallik वाणिज्य कर्मचारी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक शहर में आयोजित की गई. इस बैठक में संघ से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए. बैठक में संगठन के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी चंदन कुमार मित्रा, उमेश कुमार दुबे तथा भूतपूर्व सचिव अजय कुमार चौधरी विशेष रूप से अभिभावक के रूप में शामिल हुए.

बैठक में विभाग से जुड़ी जायज मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी दिनों में संगठन की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ. वरिष्ठ सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करना जरूरी है.
बैठक की अध्यक्षता संघ के महामंत्री सुबोध कुमार ने की. उन्होंने उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब सभी सदस्य मिलकर कार्य करेंगे. इस अवसर पर जमशेदपुर प्रमंडल के प्रमंडलीय अध्यक्ष विशाल कुमार राम, सचिव मनोज राय एवं कोषाध्यक्ष लाडले हसन भी मौजूद रहे. पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर हर स्तर पर पहल की जाएगी और प्रशासन तक मांगें मजबूती से पहुंचाई जाएंगी.
इस बैठक को संगठनात्मक एकता और कर्मचारी हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि संघ की यह पहल आने वाले समय में कर्मचारियों की आवाज को और अधिक बुलंद करेगी.

