जमशेदपुर/ Prerna Ojha नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह, गर्व और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि, संकाय सदस्य, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए.

समारोह की शुरुआत कुलाधिपति मदनमोहन सिंह और कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई. इस अवसर पर गृह रक्षा वाहिनी और सुरक्षा इकाइयों ने सलामी दी, जबकि स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं.
अपने संबोधन में कुलाधिपति ने युवाओं को अनुशासन, नवाचार और राष्ट्र सेवा के आदर्श अपनाने तथा ‘आचार, व्यवहार और विचार’ मंत्र को आत्मसात करने का संदेश दिया. कुलपति ने कहा कि स्वतंत्रता केवल ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रतिदिन निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भाषणों के साथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह, प्रो. नाजिम खान, वाई ज्योति, प्रो. मोईज़ अशरफ़, मृत्युंजय झा और डॉ. आर.एन. शर्मा ने भी विचार रखे. यह समारोह विश्वविद्यालय की एक सशक्त और प्रगतिशील भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि बना.



