जमशेदपुर/ Afroz Mallik धालभूमगढ़ स्थित एक मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की गयी पितल की थाली, गिलास, दिया, घंटी, छोटी बाल्टी, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

इस मामले का खुलासा सोमवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने किया. उन्होंने बताया कि घटना 20 जुलाई की रात की है, जब मंदिर के अंदर घुसकर दो अभियुक्तों ने पूजा सामग्री की चोरी की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने पेशेवर तरीके से अनुसंधान करते हुए सभी साक्ष्य एकत्र किए और तकनीकी एवं मानवीय आधार पर कार्रवाई शुरू की.
कार्रवाई के दौरान मानगो के जवाहरनगर निवासी मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाली महिला, दाईगुट्टू मानगो निवासी सोनी कुमारी साव (20) को भी गिरफ्तार किया गया. मंदिर चोरी में शामिल दूसरे अभियुक्त की तलाश जारी है. फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

