पाकुड़: जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गुरुवार दोपहर को बड़तल्ला निवासी अताउल्ला रहमान की पत्नी तंजीला बीबी की गोद से तीन माह का मासूम बच्चा रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया.

पीड़िता तंजीला बीबी ने हिरणपुर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने बताया कि वह अपने पिता के साथ दवा खरीदने हिरणपुर बाजार आई थीं. दवा लेने के बाद वह मोहनपुर स्थित रिश्तेदार के घर जाने के लिए टेम्पो में बैठीं. उसी दौरान वाहन में पहले से बैठी एक अजनबी महिला ने उनके माथे पर हाथ फेरा और बच्चे को बहला- फुसलाकर गोद से ले लिया. तंजीला बीबी ने बताया कि उस महिला ने पहले उन्हें बहलाकर पाकुड़ तक साथ ले गई. डीसी मोड़, पाकुड़ पहुंचने पर उसने उन्हें एक ऑटो में बैठाकर हिरणपुर थाना के सामने उतार दिया. जबकि बच्चा लेकर वह महिला फरार हो गई. इस दौरान पीड़िता का मानसिक संतुलन भी अस्थिर रहा.
थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटना से जुड़े स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. शुरुआती जांच में महिला को अकेले थाना में प्रवेश करते हुए देखा गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह मामला अपहरण का है या किसी गहरी साजिश का. इस रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी.

