शेखपुरा/ Arzoo Bakhsh जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के कैमरा गांव के पास मंगलवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान कैमरा गांव निवासी कृष्णा राम के रूप में हुई है. घटना उस समय की है जब वह कोर्ट में गवाही देकर अपने गांव लौट रहे थे.

बताया जा रहा है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई. हमलावरों ने घात लगाकर कृष्णा राम पर गोली चला दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही अरियरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया. थाना के एएसआई ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है. प्रथम दृष्टया मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. जांच जारी है. इस गोलीबारी में एक महिला के घायल होने की भी सूचना है, जिसे छर्रा लगा है. हालांकि फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ पाई है. देर शाम हुई इस वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत है. लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे कोर्ट से लौट रहे व्यक्ति को सरेआम निशाना बना रहे हैं. अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में जल्द गिरफ्तारी कर पाती है या नहीं.

