रांची: जिले के कांके थाना क्षेत्र के टेंडर ग्राम में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती पर घर में घुसकर पेट्रोल फेंका गया. घटना के तुरंत बाद युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सूचना मिलने पर कांके और रातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवती को जलाने की कोशिश की गई. आरोपी मौके से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
रांची एसएसपी ने बताया कि एक टीम को अस्पताल भेजा गया है और दूसरी टीम घटनास्थल पर जांच में लगी हुई है. इस बीच, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है.

