सरायकेला/ Pramod Singh समाहरणालय स्थित सामान्य सभागार में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला समन्वय समिति सह जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई. बैठक में फाइलेरिया की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना और जनजागरूकता रणनीति पर चर्चा हुई.

बैठक के दौरान जिला वीबीडी सलाहकार तनुस्मिता नायक ने पीपीटी के माध्यम से जिले की स्थिति की जानकारी दी. डीआरसीएचओ सह डीवीबीडीओ डॉ. भागन हेम्ब्रम ने बताया कि 3504 प्रशिक्षित दवा प्रशासकों के माध्यम से 11,81,856 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा दी जाएगी. इसके लिए 1752 बूथ स्थापित किए गए हैं. 10 अगस्त को बूथों पर दवा दी जाएगी और 11 से 25 अगस्त तक घर-घर जाकर दवा खिलाई जाएगी.

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रिफ्यूजल क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि 100% लक्षित आबादी को दवा सेवन कराया जा सके. बैठक के बाद उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और सिविल सर्जन डॉ. सीपी सिंह ने एमडीए- आईडीए अगस्त 2025 जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के सभी प्रखंडों में घूमकर लोगों को फाइलेरिया के लक्षण और बचाव की जानकारी देगा.

