धनबाद: जिला को बोकारो जिले से जोड़ने वाली बाघमारा के माटिगढ़ डेम कॉलोनी के समीप जमुनिया नदी में बने नवनिर्मित पुल और एप्रोच रोड मॉनसून की पहली बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो गया. पुल का गार्डवाल और मिट्ठू ढह गया, साथ ही अप्रोच सड़क में भी बड़ी- बड़ी दरारें आ गई हैं.

ग्रामीण विकास प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुल और एप्रोच रोड का कार्य कुल छह करोड़ का है. संवेदक को क्षतिग्रस्त स्थल को फिर से बनाने का निर्देश दिया गया है.
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण में भारी अनियमितता हुई है. पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई. 10 अगस्त 2022 को बाघमारा विधायक रहते हुए वर्तमान सांसद ढुलू महतो ने इस पुल और एप्रोच रोड के निर्माण का शिलान्यास किया था.
क्या कहते हैं अधिकारी ?
कार्यपालक अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुल और एप्रोच रोड का कार्य लगभग पूरा हो गया था. संवेदक को बाकी काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि पुल की गुणवत्ता को लेकर जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. अब सवाल ये है कि 6 करोड़ की लागत से बन रहे इस पुल का उद्घाटन जल्द ही होना था, लेकिन उससे पहले ही पुल क्षतिग्रस्त हो गया. इसकी जिम्मेदारी किसपर तय होगी ?

