गोड्डा: गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी में संलिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के तहत की गई.

पुलिस के अनुसार 15 जनवरी 2026 की संध्या करीब पांच बजे राजाभीठा हटिया के पास वाहन जांच के दौरान दो मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगे. संदेह होने पर सशस्त्र बल की सहायता से दोनों को पकड़ लिया गया. तलाशी और जांच के क्रम में उनके पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनके निबंधन क्रमांक JH09AT-2042 और JH10BM-1306 हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. गुलफराज अंसारी, उम्र लगभग पच्चीस वर्ष, पिता सरफुद्दीन अंसारी, तथा सुनील हांसदा, पिता स्वर्गीय भुड़िया हांसदा के रूप में हुई है. दोनों आरोपी राजाभीठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसबिल्ला के निवासी हैं.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथरा से चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदकर गोड्डा जिले में बेचते थे. मो. गुलफराज अंसारी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस, हीरो एचएफ डीलक्स और हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो शामिल हैं.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस पूरी कार्रवाई में राजाभीठा थाना पुलिस के साथ पथरगामा और राजाभीठा थाना के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

