सीवान: सीवान जिले के जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्णपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है. घटना में युवक के हाथ और पैर में गोली लगी है. घायल अवस्था में उसे पहले सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया.

घायल युवक की पहचान कर्णपुरा गांव निवासी मनीष यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मनीष यादव का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
आरोप है कि बहस के दौरान आरोपियों ने मनीष यादव पर दो राउंड फायरिंग कर दी. फायरिंग में युवक के हाथ और पैर में गोली लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवक को सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही जीबी नगर तरवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

