सासाराम: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत अब आम लोगों को अधिकारियों से मिलने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. इस योजना के तहत जिले के सभी अधिकारी प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे.

अधिकारियों से मिलने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है. निर्धारित समय के दौरान कार्यालय में मौजूद सभी लोगों से अधिकारियों को मिलना अनिवार्य होगा.
वहीं रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया कि जिले के सभी थानों में सप्ताह में दो थानों का वे स्वयं निरीक्षण करेंगे. इस दौरान संबंधित थाना क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी और लोग सीधे अपराध से जुड़े आवेदन भी दे सकेंगे.
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जानकारी दी कि यह व्यवस्था 19 जनवरी से लागू होगी. इसके साथ ही आम लोग अपनी शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज करा सकेंगे.

