सरायकेला/ प्रमोद सिंह चेंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने झारखंड सरकार की बजट पूर्व संगोष्ठी में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव रखे. उन्होंने कहा कि सरायकेला की पहचान रही छऊ कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया जाना आवश्यक है.

मनोज चौधरी ने संगोष्ठी में जिले की आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर जोर देते हुए सरायकेला- खरसावां में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए रिंग रोड के प्रस्ताव के लिए बजट में प्रावधान की मांग की. उन्होंने सरायकेला जिला मुख्यालय को रेलवे कनेक्टिविटी से जोड़ने और चौका से चाईबासा तक सड़क को फोरलेन बनाने की भी आवश्यकता बताई.
इसके साथ ही उन्होंने झारखंड की ओड़िया सहित अन्य स्थानीय भाषाओं में शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए बजट में विशेष प्रावधान करने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे.
बजट संगोष्ठी के बाद मनोज कुमार चौधरी ने संगोष्ठी के अध्यक्ष एवं झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने वित्त मंत्री को गीता की डायरी भेंट की. मनोज चौधरी ने बताया कि बजट पूर्व संगोष्ठी और वित्त मंत्री से हुई मुलाकात सकारात्मक रही और उन्हें उम्मीद है कि सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा.

