सरायकेला: आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर जहां एक ओर झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 में पाई गई विसंगतियों ने चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

वार्ड नंबर 10 की मतदाता सूची और परिसीमन से जुड़ी समस्याओं को लेकर क्षेत्र की जनता लगातार प्रशासनिक कार्यालयों का चक्कर काट रही है. विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने पहले जिला उपायुक्त के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी. इसके बाद सोमवार को प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले से आयोग को अवगत कराते हुए औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई.
बताया गया कि जिला उपायुक्त द्वारा इस संबंध में पहले ही राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर विसंगतियों की जानकारी दी जा चुकी है. सनंद कुमार आचार्य ने आयोग से आग्रह किया कि उपायुक्त द्वारा भेजे गए पत्र के आलोक में तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी विसंगतियों को दूर किया जाए.
उन्होंने कहा कि यदि त्रुटियों का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना मुश्किल हो जाएगा.
इस दौरान वार्ड संख्या 10 के चंदन साहू, रंजीत साहू, आकाश साहू, विजय साहू और सुभाष साहू भी मौजूद रहे. स्थानीय लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

