सरायकेला: आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल की एक अहम संगठनात्मक बैठक रविवार को राजद कोल्हान कार्यालय में आयोजित की गई. यह बैठक सरायकेला जिला अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ की ओर से की गई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई.

बैठक का आयोजन आदित्यपुर जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ सकला मार्डी के तत्वावधान में तथा जिला अध्यक्ष बैजू कुमार के नेतृत्व में किया गया. बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने और आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ.
बैठक के दौरान आदित्यपुर नगर अध्यक्ष, कपाली नगर परिषद अध्यक्ष और सरायकेला नगर परिषद अध्यक्ष से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई. इस अवसर पर यह निर्णय लिया गया कि नगर निगम चुनाव में महागठबंधन की सभी घटक दलों के जिला अध्यक्षों के साथ तालमेल स्थापित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा.
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि महागठबंधन के बीच तालमेल नहीं बन पाता है, तो राष्ट्रीय जनता दल की ओर से समर्थित प्रत्याशी के रूप में सकला मार्डी को चुनाव मैदान में उतारने पर विचार किया जाएगा.
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जनार्दन कुमार, उपाध्यक्ष राम यादव, महासचिव बीरेंद्र कुमार, डीएन सिंह, सचिव राजेश कुमार, जिला अध्यक्ष बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ प्रमोद कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, करन गोस्वामी, बसंत हांसदा, ऊषा भारती, विनय पासवान, मन यादव, पिंटू यादव, अनिल कुमार रजक, अर्जुन हांसदा, विशाल बासके, सुनु दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के समापन पर जिला अध्यक्ष बैजू कुमार ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करें तथा जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करें.

