सरायकेला/ Pramod Singh जिले के गम्हरिया प्रखंड के बड़ा कांकड़ा गांव में आयोजित सात दिवसीय गंगा मेला के चौथे दिन शनिवार को भारी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उमड़ पड़े. मेले में क्षेत्र का उत्सवपूर्ण माहौल देखने को मिला.

इस अवसर पर सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मेला परिसर पहुंचे और माता गंगा के समक्ष माथा टेकते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की.
मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मनोज चौधरी ने कहा कि मकर संक्रांति क्षेत्र का सबसे बड़ा पर्व है और बड़ा कांकड़ा में आयोजित गंगा मेला झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल हमारी लोक- संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखता है, बल्कि लोगों के लिए मनोरंजन का भी प्रमुख माध्यम है, जिसका इंतजार क्षेत्रवासी पूरे वर्ष करते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि मेला- त्योहार सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं. मौके पर मेला समिति की ओर से चित्रसेन महतो सहित अन्य सदस्यों ने मनोज चौधरी को माला पहनाकर स्वागत किया. इस अवसर पर नवयुवक आदिवासी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्याम चरण तीयू, चित्रसेन महतो सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे.

