सरायकेला: झामुमो जिला कमेटी की ओर से निकाय चुनाव से पूर्व रविवार को तीनों निकायों के मेयर और अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी गई. इसके साथ ही वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के नामों और समर्थन की घोषणा कर सियासी भूचाल खड़ा कर दिया गया है.

तीनों निकायों के मेयर और संभावित वार्ड पार्षदों के नामों की घोषणा के बाद कई संभावित पार्षद प्रत्याशियों ने झामुमो के इस फैसले पर आपत्ति जताई है.
दरअसल अभी दर्जनों ऐसे प्रत्याशी हैं जिन्होंने न तो चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा की है और न ही किसी राजनीतिक दल से समर्थन की मांग की है. गौरतलब है कि निकाय चुनाव पार्टी आधार पर नहीं होने हैं, इसके बावजूद राजनीतिक दल इसे पूरी तरह राजनीतिक रंग देने में जुटे हुए हैं. झामुमो द्वारा सबसे पहले प्रत्याशियों की घोषणा को सियासी गलियारों में मास्टर स्ट्रोक के रूप में देखा जा रहा है.
वहीं वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ रहे कई संभावित प्रत्याशी इस घोषणा से हैरान नजर आ रहे हैं.
इस संबंध में झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने बताया कि यह निर्णय पार्टी की जिला इकाई द्वारा लिया गया है. उन्होंने कहा कि जहां पार्टी प्रत्याशी नहीं दे पा रही है, वहां संभावित प्रत्याशियों को समर्थन देने का फैसला किया गया है.
महागठबंधन के साथ रायशुमारी को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. शुभेंदु महतो ने कहा कि इस मुद्दे पर अभी कोई विचार- विमर्श नहीं हुआ है. यह पूरी तरह जिला कमेटी का निर्णय है और आने वाले दिनों में इसमें फेरबदल की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है.

