आदित्यपुर/ पर्मेश्वर गोराई: आदित्यपुर नगर निगम वार्ड संख्या 6 की पूर्व पार्षद ममता बेज शुक्रवार को सरायकेला स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अपने क्षेत्र में कुम्हार और वैष्णव समाज से जुड़ी जाति श्रेणी में हुई गड़बड़ी की जानकारी दी.

ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित करते हुए ममता बेज ने बताया कि बड़ा गम्हारिया क्षेत्र, आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 6 और 7 के निवासी कुम्हार और वैष्णव समाज से संबंधित हैं. दोनों समाज के लोग “दास” उपनाम का उपयोग करते हैं. उन्होंने बताया कि कुम्हार (दास) जाति पिछड़ा वर्ग–I (बी.सी–I) में तथा वैष्णव (दास) जाति पिछड़ा वर्ग–II (बी.सी–II) में शामिल है.
इसके बावजूद हाल ही में दोनों जातियों को गलती से अनुसूचित जाति (एस.सी) श्रेणी में दर्ज कर दिया गया है.
ममता बेज ने कहा कि दो से तीन माह पूर्व बीएलओ द्वारा की गई इस त्रुटि को लेकर उन्होंने नगर निगम कार्यालय में सुधार भी कराया था. इसके बावजूद दोबारा गलत प्रविष्टि किया जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है, जिसकी जांच आवश्यक है.
उन्होंने मांग की कि कुम्हार (दास) जाति को पुनः बी.सी–I तथा वैष्णव (दास) जाति को बी.सी–II श्रेणी में दर्ज किया जाए. वैकल्पिक रूप से, यदि सुधार संभव नहीं हो तो दोनों जातियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाए.
इसके साथ ही जाति श्रेणी सुधार को लेकर आवश्यक अधिसूचना जारी करने की भी मांग की गई.
पूर्व पार्षद ममता बेज ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राज्यपाल से इस मामले पर संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया.

