सरायकेला: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह- 2026 के अंतर्गत “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” थीम पर शनिवार को जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम के तहत जिले के अत्यंत भीड़- भाड़ वाले क्षेत्र जायदा मंदिर मेला परिसर में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया.

नाटक के माध्यम से आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया गया.

इसके साथ ही आम नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया. बच्चों और युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पतंग जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया.
जिले के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ के माध्यम से प्रचार- प्रसार कर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया.
इन कार्यक्रमों में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, मोटरयान निरीक्षक सहित सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य मौजूद रहे.
मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सके.

