जामताड़ा / मनीष बर्नवाल जामताड़ा में मंगलवार को सीजीएल परीक्षा–2025 में सफलता प्राप्त करने वाले आरक्षियों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक-सह-समादेष्टा, आईआरबी-01 राज कुमार मेहता ने सफल आरक्षियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कर्तव्य के साथ कठिन परिश्रम और लगन के बल पर सफलता अर्जित करने वाले आरक्षियों में आरक्षी/408 पूजा कुमारी (एएसओ, गृह विभाग), आरक्षी/93 अशोक कुमार यादव (एएसओ, ऊर्जा विभाग), आरक्षी/362 प्रतीक कुमार (सीआई) एवं आरक्षी/139 कुमारी पूजा (सीआई) शामिल हैं।
इस अवसर पर एसपी राज कुमार मेहता ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी को ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा समाज में एक अच्छे और कुशल पुलिस प्रशासक की छवि स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान बटालियन के पुलिस उपाधीक्षक विश्वनाथ सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

