रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सौंदा ‘डी’ बाजार में बीती रात दो ज्वेलर्स दुकानों में बड़ी चोरी की घटना सामने आई.

चोरों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और सोने-चांदी के गहनों सहित नकदी पर हाथ साफ किया.जानकारी के अनुसार, देवरतन ज्वेलर्स में करीब 500 किलोग्राम वजनी लॉकर तोड़कर लगभग 15 लाख रुपये के सोने- चांदी के गहने और नकदी की चोरी की गई. वहीं, जीपी कैंप स्थित राजरतन ज्वेलर्स से लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी चोरी हो गई.
पुलिस के मुताबिक चोरी का मामला गंभीर है और उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर सुराग जुटाना शुरू कर दिया है. शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह चोरी सुनियोजित तरीके से की गई थी. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है और संदिग्धों की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी है.
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन चोरी की घटना ने सुरक्षा में बड़ी खामी को उजागर कर दिया है. पुलिस अब चोरी में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है और सभी दुकानों और आस-पास के क्षेत्रों की पैनी निगरानी कर रही है. इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में चिंता की लहर दौड़ गई है. पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी ने संदिग्ध गतिविधि देखी है तो तुरंत भुरकुंडा ओपी या संबंधित थाना को सूचित करें.

