नवादा: नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हार बिगहा गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब श्मशान घाट के समीप एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया. स्थानीय ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल अकबरपुर थाना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मृतक की पहचान कुम्हार बिगहा गांव निवासी कौलेश्वर यादव के लगभग पैंतालीस वर्षीय पुत्र मनोज यादव के रूप में की गई है.
स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या की गई है. परिजनों के अनुसार शव की स्थिति संदिग्ध है और मृतक का गुप्तांग भी क्षतिग्रस्त पाया गया है, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है. घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौली के डीएसपी गुलशन कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया. डीएसपी ने बताया कि रूनीपुर गांव के श्मशान घाट के पास शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दिए जाने वाले लिखित आवेदन के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

