सरायकेला: सरायकेला जिले के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तिल्ला गांव में शनिवार की देर रात अचानक लगी भीषण आग से तीन परिवारों का आशियाना पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में रमन दास, महेश दास एवं दिलीप दास के घर आग की चपेट में आ गए। घरों में रखे जेवरात, नगद राशि, कपड़े, अनाज, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रविवार को ईचागढ़ की विधायक सविता महतो तिल्ला गांव पहुंचीं और अग्निपीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। विधायक ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विधायक सविता महतो ने तीनों प्रभावित परिवारों को कंबल, तिरपाल, सूखा राशन के साथ आर्थिक सहयोग प्रदान किया, ताकि आपदा की इस कठिन घड़ी में उन्हें तात्कालिक राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद प्रखंड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र ही सरकार की महत्वाकांक्षी **आबुआ आवास योजना** के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए, जिससे उन्हें स्थायी आश्रय मिल सके।
विधायक ने प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर नीमडीह के अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, सानू महतो, मंगल मांझी, मधु दास, बिशु दास, मंगल दास सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

