खूंटी: जिले के रनिया थाना क्षेत्र से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है. जहां सोमवार को निरसिंग गांव के पास लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. इस दुर्घटना में मृतकों की पहचान रायसोम गांव निवासी मंगल बड़ींग, उम्र करीब 45 वर्ष, और गुस्सलु बडिंग, उम्र करीब 60 वर्ष के रूप में हुई है. वहीं हादसे में घायल हुए लोगों में बिरसु चीक बडाईक कराकेल, चोयता बडिंग, तिलिंगा बडिंग, लोड़गो बडिंग, बुधवा बडिंग और लेचा बडिंग शामिल हैं. सभी घायल रायसोम गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रायसोम गांव निवासी लोड़गो बडिंग के अबुआ आवास निर्माण के लिए बघीया बीचाटोली से ट्रैक्टर में लकड़ी लोड कर गांव ले जाई जा रही थी. निरसिंग गांव के समीप ढलान पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर पलट गया.
घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

