कटिहार: जिले के मनसाही थाना क्षेत्र से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. एक रेलकर्मी पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने और एक परिवार को तोड़ने का गंभीर आरोप लगा है. मामले में पीड़ित पति डब्लू परिहार ने कटिहार पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है.

पीड़ित का कहना है कि वह दो बच्चों के पिता हैं और उनका परिवार सामान्य रूप से चल रहा था. करीब एक वर्ष पूर्व कुरेठा रेलवे स्टेशन पर कार्यरत रेलकर्मी राजकुमार मंडल से उनकी पहचान हुई, जिसके बाद आरोपी का उनके घर आना-जाना बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उनकी पत्नी मंजू देवी को प्रेमजाल में फंसाया और शारीरिक संबंध बनाए.
पीड़ित के अनुसार, एक दिन उनकी पत्नी आरोपी रेलकर्मी के साथ घर छोड़कर चली गई. इसके बाद पत्नी की ओर से दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज कराया गया, जिससे वह मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान हो गए. पंचायत के हस्तक्षेप के बाद पत्नी कुछ समय के लिए वापस लौटी, लेकिन बाद में वह दोबारा आरोपी के साथ चली गई.
पीड़ित का आरोप है कि इस बार दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और शादी का प्रमाण पत्र सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जबकि अब तक उनका कानूनी तलाक नहीं हुआ है. पीड़ित ने यह भी दावा किया कि आरोपी रेलकर्मी पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है.
पीड़ित पति ने पत्नी से कानूनी तलाक और आरोपी रेलकर्मी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल मामला चर्चा में है और पुलिस की जांच व कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.

