चांडिल Afroj Mallick: सरायकेला-खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हांसाडुगरी से लापता हुए 4 वर्षीय बच्चे को कपाली पुलिस ने मात्र 2 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया,इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है,

इस संबंध में जानकारी देते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि आज शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि हांसाडुगरी फातमा मस्जिद के समीप रहने वाले मोहम्मद कलीम उर्फ राजू का 4 वर्षीय पुत्र अली हसन घर से खेलने के नाम पर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा,परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो इसकी सूचना कपाली ओपी को दी गई,सूचना मिलते ही थानेदार धीरंजन कुमार के निर्देश पर तुरंत पुलिस की तीन टीमें गठित कर बच्चे की तलाश शुरू की गई,सघन खोजबीन के दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड नंबर 15 के समीप एक छोटा बच्चा सड़क किनारे-किनारे जमशेदपुर की दिशा में जाता हुआ दिखाई दिया,खोज अभियान का नेतृत्व कर रहे सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम तथा सशस्त्रबल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उक्त बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया,बाद में बच्चे की पहचान लापता अली हसन के रूप में की गई और पूरी तरह सुरक्षित उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया,बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े,इस सराहनीय कार्य को लेकर बस्ती के लोगों ने कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार,सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम सहित पूरी कपाली पुलिस टीम की प्रशंसा की और पुलिस की तत्परता को अनुकरणीय बताया।

