जमशेदपुर: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार निदेशक एनईपी संतोष गर्ग ने विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना.

इस दौरान नागरिकों ने झारखंड आंदोलनकारी प्रमाण पत्र निर्गत करने, किरायेदार द्वारा घर खाली नहीं करने, पति द्वारा मानसिक प्रताड़ना, घर से बेदखल किए जाने, आवास पर अवैध कब्जा, भूमि विवाद, लगान भुगतान, रोजगार, स्कूल में नामांकन, शस्त्र लाइसेंस, पूर्वजों की जमीन पर अवैध कब्जा, पेंशन, जमीन अधिग्रहण, झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना का लाभ सहित जनहित से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर आवेदन समर्पित किए.
निदेशक एनईपी संतोष गर्ग ने सभी आवेदनों को क्रमवार सुनते हुए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इस दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली.
उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. साथ ही विभागीय समीक्षा बैठकों के दौरान जन शिकायत से संबंधित आवेदनों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
प्रशासन की इस पहल से जन शिकायत निवारण दिवस आम नागरिकों के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में सामने आ रहा है, जहां लोग अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख पा रहे हैं.

