जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में रविवार की शाम पिकनिक मनाने गए युवकों के एक समूह पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया. डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें धारदार हथियार चापड़ से हमला किया गया. इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं.

घटना रविवार शाम करीब 4.30 बजे की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार पिकनिक के दौरान सूरज कुमार राय और बिस्वजीत दास डीजे पर डांस कर रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य युवकों से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने मारपीट शुरू कर दी और अचानक एक युवक ने चापड़ निकालकर हमला कर दिया.
हमले में सूरज कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी चोटिल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सूरज कुमार राय की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया. अन्य घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद डिमना लेक क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा- तफरी का माहौल बन गया और पिकनिक मनाने आए अन्य लोग सहम गए. पुलिस ने मौके से चापड़ बरामद कर लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

