जमशेदपुर: साकची स्थित डीएम लाइब्रेरी का शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्य से संबंधित प्रगति की जांच- पड़ताल की और लाइब्रेरी के संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. उपायुक्त ने उप नगर आयुक्त, जेएनएसी को 25 फरवरी से डीएम लाइब्रेरी का संचालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.


निरीक्षण के क्रम में उन्होंने छात्रों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, बेंच- डेस्क, पठन सामग्री, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया.
उपायुक्त ने कहा कि डीएम लाइब्रेरी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और आम पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र बने. उन्होंने निर्देश दिया कि लाइब्रेरी में अध्ययन के अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए ताकि पाठकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने उप नगर आयुक्त, जेएनएसी को लाइब्रेरी संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने यह भी कहा कि लाइब्रेरी का संचालन सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके.

