जमशेदपुर: जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने.

जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों द्वारा चापानल अधिष्ठापन, जमीन अतिक्रमण, झारखंड आंदोलनकारी प्रमाण पत्र निर्गत करने, म्यूटेशन, रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत, गुमशुदा नाबालिग पुत्र की खोजबीन, भूमि विवाद, गन लाइसेंस ट्रांसफर, सड़क निर्माण, झारखंड मुख्यमंत्री मइंयां सम्मान योजना का लाभ, नाली निर्माण, विधवा पेंशन सहित जनहित से जुड़ी अन्य समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन समर्पित किए गए.
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को क्रमवार सुना और कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान किया. शेष आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए उन्होंने समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया.
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही विभागीय समीक्षा बैठकों के दौरान जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके.

