जमशेदपुर: झारखंड वासी एकता मंच 21 जनवरी को बिस्टुपुर गोपाल (रीगल) मैदान में भव्य टुसु मेला आयोजित करेगा. मंच के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो और संयोजक सह सांसद बिद्युत बरण महतो ने यह जानकारी दी.

मेला का मुख्य आकर्षण विशाल टुसु प्रतिमा, चौड़ल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, टुसु और झुमुर गीत तथा नकद ईनाम होंगे. इस बार सुरक्षा के लिए मेला परिसर में सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा और बड़े आकार के एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे. मेला परिसर में नशापान व नशा सामग्री पर प्रतिबंध रहेगा.
टुसु प्रतिमा के लिए प्रथम से सातवें स्थान तक क्रमशः 41,000, 35,000, 31,000, 25,000, 20,000, 15,000 और 11,000 रुपये नकद पुरस्कार दिए जाएंगे. चौड़ल में चार पुरस्कार होंगे, प्रथम से चौथा क्रमशः 31,000, 25,000, 21,000 और 15,000 रुपये. बूढ़ी गाड़ी नाच में भी चार नकद पुरस्कार होंगे.
मेला के सफल संचालन के लिए टीम का गठन किया गया है, जिसमें गेट एंट्री, मंच व्यवस्था, संचालन और निर्णायक मंडली के लिए अलग- अलग जिम्मेदारियां बांटी गई हैं. संवाददाता सम्मेलन में मंच के सह संयोजक बबलू महतो, सुखदेव महतो, सचिन महतो, करमु हांसदा, उमानाथ झा, चुनका मार्डी और अन्य सदस्य उपस्थित थे.

