हज़ारीबाग: हत्या के आरोप को लेकर सोमवार को हजारीबाग के डिस्ट्रिक बोर्ड चौक पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया.

मृत युवक की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में हुई है, जो मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेहरी गांव का रहने वाला था. युवक की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग शव के साथ सड़क पर उतर आए और पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. इसी के विरोध में और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर डिस्ट्रिक बोर्ड चौक को पूरी तरह जाम कर दिया गया. सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने- बुझाने में जुटी रही.
पुलिस द्वारा परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. वहीं प्रदर्शनकारी गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात पर अड़े रहे.

