गिरिडीह: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीरामपुर गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां कर्ज के दबाव से परेशान एक मां और उसकी नाबालिग बेटी ने एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है. मृतकों की पहचान 40 वर्षीय पुतुल देवी और उनकी 16 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, पुतुल देवी ने किसी महिला समूह से लगभग पांच लाख रुपये का लोन लिया था, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं दी थी.
बताया जा रहा है कि लोन की किस्तों को लेकर लगातार फोन कॉल आने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं. परिजन बताते हैं कि वह अक्सर अकेले में रोती रहती थीं, लेकिन पूछने पर भी अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं करती थीं. घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोमवार की सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला.
शक होने पर परिजनों ने जब दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए. मां और बेटी घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकी हुई थीं. आनन- फानन में परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. सूचना पाकर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाईं. इस संबंध में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर गांव में दो लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है. इधर, इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है.

