गया: समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शनिवार की शाम जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने प्रेस वार्ता कर जनता दरबार को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले में अब प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही आगामी 19 जनवरी को भी जनता दरबार लगाया जाएगा.

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार में जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं की सीधी सुनवाई हो सके और उनका त्वरित समाधान किया जा सके. उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त ई-मेल, आवेदन और शिकायतों को जनता दरबार में संज्ञान में लिया जाएगा और संबंधित विभागों को अग्रसारित किया जाएगा.
जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, पेंशन, आवास सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी. जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव होगा, उन्हें तत्काल निपटाया जाएगा, जबकि शेष मामलों के लिए समयसीमा तय कर कार्रवाई की जाएगी.
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे जनता दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं ई-मेल या आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करें. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है.

