चतरा: जिले के चतरा- लावालौंग मुख्य मार्ग NH-22 पर लमटा गांव के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान सिंडआरी बधार निवासी के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार महिला लमटा गांव में आयोजित ‘छठियारी’ कार्यक्रम में शामिल होने आई थी. कार्यक्रम के बाद वह घर जाने के लिए सड़क किनारे बस या अन्य वाहन का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान चतरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद रंग की ऑल्टो कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और NH-22 को पूरी तरह जाम कर दिया. सूचना मिलते ही लावालौंग थाना पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों को समझा- बुझाकर जाम हटवाया. घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची RIMS रेफर कर दिया गया.
मौके पर चतरा सांसद भी पहुँचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. सांसद ने ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन से अविलंब स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की. पुलिस ने अज्ञात ऑल्टो कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में हादसे के प्रति गहरी चिंता और आक्रोश देखा गया.

