चाईबासा: सदर अस्पताल का ब्लड बैंक एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सवालों के घेरे में आ गया है. अस्पताल के ब्लड बैंक पर HIV संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने का आरोप सामने आया है, जिसके बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक ही परिवार के पति, पत्नी और उनके बेटे के HIV पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है.

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जनवरी 2023 में महिला की सी-सेक्शन डिलीवरी चाईबासा सदर अस्पताल में हुई थी. यह उनकी पहली डिलीवरी थी, जिसके दौरान ब्लड ट्रांसफ्यूजन की आवश्यकता पड़ी थी. परिवार का कहना है कि उस समय सदर अस्पताल के ब्लड बैंक से चढ़ाया गया रक्त ही संक्रमण का कारण बना.
परिजनों के अनुसार, जून 2025 में महिला दूसरी बार गर्भवती हुई. रूटीन जांच के दौरान उन्हें HIV पॉजिटिव पाया गया. इसके बाद जब पति की जांच कराई गई तो उनकी रिपोर्ट भी HIV पॉजिटिव आई. वहीं 2 जनवरी 2026 को महिला ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया. कुछ समय बाद पहला बच्चा बीमार पड़ा, जिसकी जांच चाईबासा सदर अस्पताल में कराई गई, जहां बच्चे की रिपोर्ट भी HIV पॉजिटिव पाई गई.
मामले को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिले की सिविल सर्जन डॉ. भारती मिंज ने बताया कि पीड़ित परिवार को अस्पताल बुलाया गया है. सभी तथ्यों, मेडिकल रिपोर्ट्स और ब्लड ट्रांसफ्यूजन से संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.
फिलहाल यह मामला स्वास्थ्य विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है और पूरे मामले की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

