चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में 27 जनवरी को पिल्लई हॉल, चाईबासा में प्रस्तावित ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ योजना, जिसे ‘जी राम जी’ नाम दिया गया है, के तहत होने वाले जिला सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई.

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने बताया कि इस जिला सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही शामिल होंगे. सम्मेलन को सफल बनाने के लिए किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष लंकेश्वर तामसोय को संयोजक तथा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दुर्गावती बोइपाई, देबिशंकर (काबू) दत्ता एवं धर्मवीर (सन्नी) पासवान को सह संयोजक नियुक्त किया गया है.
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में चाईबासा, मझगांव एवं जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 17 मंडलों से पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला एवं मंडल स्तरीय ‘जी राम जी’ टोली, जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, वार्ड सदस्य सहित सभी सक्रिय व चयनित सदस्य शामिल होंगे. सम्मेलन में लगभग एक हजार कार्यकर्ताओं के लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी.
कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं. चाईबासा विधानसभा के लिए जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू एवं प्रदेश प्रवक्ता जे. बी. तुबिद, खूंटपानी प्रखंड के लिए पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, मझगांव विधानसभा के लिए पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद सदस्य लंकेश्वर तामसोय, पूर्व प्रत्याशी भूषण पाट पिंगुवा, पूर्व जिला परिषद सदस्य जयपाल सिंह कुंकल, पूर्व प्रत्याशी अनिल बिरुली तथा जगन्नाथपुर विधानसभा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा को दायित्व सौंपा गया.
बैठक में प्रदेश प्रवक्ता जे. बी. तुबिद, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमंत कुमार केशरी, प्रदेश सदस्य सतीश पूरी, जिला उपाध्यक्ष राकेश बबलू शर्मा, जिला मंत्री सन्नी पासवान, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष लंकेश्वर तामसोय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गावती बोइपाई, जिला मंत्री प्रताप कटियार, सोशल मीडिया जिला संयोजक हर्ष रवानी सहित अनूप सुल्तानिया, जयपाल कुंकल, धीरज सिंह, वीरेंद्र कुमार, रामानुज शर्मा, काबू दत्ता, विपलव सिंह, नवीन गुप्ता, सुदेश राम, रंजन प्रसाद, रवि विश्वकर्मा, रितेश पिंटू प्रसाद समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.

