लातेहार: लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. छत्तीसगढ़ से लातेहार आ रही यह बस घाटी क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

हादसे के समय बस में 100 से अधिक यात्री सवार थे. इस दुर्घटना में अब तक पांच यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों में एक पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं. वहीं 50 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया. घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से महुआडांड़ के सरकारी अस्पताल भेजा गया. बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में भीड़ की स्थिति बनी हुई है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार यात्री छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से लोध फॉल जा रहे थे. घाटी क्षेत्र में अचानक बस पलटने से यह हादसा हुआ. प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

