बोकारो: जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत फुसरो में रविवार शाम करीब 8 बजे उस वक्त अफरा- तफरी मच गई, जब थाना के समीप दो गुटों के बीच आपसी विवाद बढ़ते- बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. भीड़ को तितर-बितर करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे नियंत्रण में आए.
जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत आपसी कहासुनी से हुई थी, जो कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गई. घटना थाना के पास होने के कारण कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा.
घटना की सूचना मिलते ही बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ एवं बेरमो डीएसपी वशिष्ठ नारायण सिंह थाना पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों को बैठाकर समझौता कराने का प्रयास किया. फिलहाल दोनों पक्षों के लोग थाना परिसर में मौजूद हैं.
इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज बेरमो सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

