सरायकेला/प्रमोद सिंह भाजपा नेता सुमित चौधरी ने सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के घनी आबादी वाले हंसावडी इलाके में प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण का कड़ा विरोध किया है. इस संबंध में उन्होंने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि जिला परिषद सरायकेला-खरसावां द्वारा वार्ड नंबर 1 में बस स्टैंड बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका स्थानीय शहरवासी विरोध कर रहे हैं.

सुमित चौधरी ने कहा कि सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में पूर्व में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से एक नया बस स्टैंड बनाया गया था, जो गलत स्थल चयन के कारण वर्तमान में जर्जर अवस्था में है. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अब तक उक्त बस स्टैंड को चालू नहीं करवा पाई है, ऐसे में नए स्थान पर बस स्टैंड निर्माण का कोई औचित्य नहीं है.
उन्होंने मांग की कि वार्ड नंबर 1 में बस स्टैंड के बजाय बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कराया जाना चाहिए, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. ज्ञापन में सैकड़ों शहरवासियों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं, जो बस स्टैंड निर्माण के विरोध को दर्शाते हैं.
इस पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि बस स्टैंड का निर्माण सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र से बाहर ही किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

