गयाजी: जिले के बोधगया थाना क्षेत्र अंतर्गत अमवा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां महज एक इंच जमीन के विवाद में बड़े भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर छोटे भाई के कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी.

इस घटना में छोटे भाई शिक्षक राणा कुलेश्वर, उनकी पत्नी नीलू कुमारी और उनका नाबालिग बच्चा बुरी तरह झुलस गए हैं. तीनों घायलों को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, राणा कुलेश्वर अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. इसी दौरान रविवार देर रात करीब 2.30 बजे उनके बड़े भाई मुकेश कुमार और उसकी पत्नी ने खिड़की के सहारे कमरे में पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी. अचानक लगी आग से कमरे में अफरा- तफरी मच गई और सो रहा पूरा परिवार आग की चपेट में आ गया.
घटना के बाद घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया और झुलसे हुए पति-पत्नी व बच्चे को बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी को तत्काल इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया.
पीड़ित महिला नीलू कुमारी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच पहले ही बंटवारा हो चुका था.
उनके भैसुर (जेठ) का कहना था कि बंटवारे में एक इंच जमीन ज्यादा मिल गई है, इसी बात को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था.
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं और उनके सास-ससुर, जो उनके साथ ही रहते हैं, उनके साथ भी मारपीट की जाती रही है. नीलू कुमारी ने बताया कि घटना की रात पूरा परिवार घर में सोया हुआ था, तभी जान से मारने की नीयत से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई.
उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इधर घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद अमवा गांव में दहशत का माहौल है और लोग पारिवारिक विवाद के इस खौफनाक अंजाम से स्तब्ध हैं.

