बांका: जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्लीकिता गांव निवासी युवक राकेश शर्मा के अपहरण के बाद हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है. पुलिस जांच में हत्या का मुख्य कारण मृतक और उसके परिचितों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है.

बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही विशेष टीम और तकनीकी सेल का गठन किया गया. जांच के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसकी निशानदेही पर अमरपुर थाना क्षेत्र के लोगई गांव स्थित एक बगीचे से राकेश शर्मा का शव बरामद किया गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते चार से पांच लोगों ने मिलकर गला दबाकर युवक की हत्या कर दी. पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

