सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न आपूर्ति, दाल- भात योजना, डाकिया योजना, चावल दिवस, सोना- सोबरन धोती- साड़ी योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई- केवाईसी, डीलर टैगिंग/री-टैगिंग, NFSA अंतर्गत खाद्यान्न वितरण, नमक वितरण, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान सहित अन्य योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई.

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी लाभुकों को समय पर और निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए और ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाकर शत-प्रतिशत कार्डधारियों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जाए. तकनीकी बाधा वाले क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर शेष कार्य पूर्ण कराया जाएगा.
उन्होंने सभी राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन, गोदामों में खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण और लंबित राशन वितरण को यथाशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही धान अधिप्राप्ति में सुधारात्मक कदम उठाने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

